जर्जर सड़क बनी राहगीरों की मुसीबत, गड्ढों में तब्दील मार्ग से हादसे का खतरा

जर्जर सड़क बनी राहगीरों की मुसीबत, गड्ढों में तब्दील मार्ग से हादसे का खतरा
जर्जर सड़क बनी राहगीरों की मुसीबत, गड्ढों में तब्दील मार्ग से हादसे का खतरा

ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति 

महराजगंज रायबरेली। मऊ बड़ी नहर से निकलकर डीह रजबहा नहर की पटरी पर बनी पक्की सड़क इन दिनों बदहाली की मार झेल रही है। मुरैनी से पूरे रानी का पुरवा तक सड़क पर जगह-जगह गहरे और बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद सड़क की स्थिति और भी खतरनाक हो गई है। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग हादसे का सबब बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर सड़क इतनी क्षतिग्रस्त हो चुकी है कि वाहन लेकर निकलना जोखिम भरा हो गया है। क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक लंबे समय से सड़क की मरम्मत की जरूरत महसूस की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों में इसको लेकर नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मुरैनी से पूरे रानी का पुरवा तक नहर पटरी की जर्जर सड़क का जल्द निरीक्षण कराकर मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।