एमएलसी चुनाव को लेकर सपा ने तेज की तैयारियां, कांति सिंह के समर्थन में जुटे कार्यकर्ता
ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति
महराजगंज रायबरेली। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। प्रत्याशी कांति सिंह के समर्थन में महराजगंज में आयोजित बैठक के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनावी रणनीति पर चर्चा की और मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में मुख्य रूप से बछरावां के विधायक श्याम सुंदर भारती व सपा नेता फिरोज अहमद एडवोकेट ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाकर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जुटाया जाए। उन्होंने 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक के दौरान स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क अभियान को गति देने तथा स्नातक मतदाताओं से संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने की बात कही। इस मौके पर विजेंद्र चौधरी, समर बहादुर यादव, फिरोज अहमद सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।