राधेश्याम सोनी ने सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने का किया आह्वान, नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सूर्य प्रकाश वर्मा का हुआ स्वागत

राधेश्याम सोनी ने सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने का किया आह्वान, नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सूर्य प्रकाश वर्मा का हुआ स्वागत
राधेश्याम सोनी ने सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने का किया आह्वान, नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सूर्य प्रकाश वर्मा का हुआ स्वागत
जमुरावां में जयंती कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संकल्प, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर दिया जोर

ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति 

महराजगंज रायबरेली। बछरावां विधानसभा क्षेत्र के जमुरावां ग्राम सभा में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सूर्य प्रकाश वर्मा का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी गई। कार्यक्रम में सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया गया।

भाजपा ओबीसी मोर्चा की ओर से 28 से 31 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की कड़ी में बुधवार को जमुरावां में कार्यक्रम हुआ। भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की रियासतों के एकीकरण और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका जीवन दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्रसेवा और एकजुटता की प्रेरणा देता है।

राधेश्याम सोनी सहित नेताओं ने संगठन की मजबूती पर दिया जोर

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि राधेश्याम सोनी सहित अन्य भाजपा नेताओं ने संगठनात्मक एकजुटता और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

इस अवसर पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सूर्य प्रकाश वर्मा का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जिलाध्यक्ष ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती सामूहिक प्रयासों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया।

सरदार पटेल के योगदान को किया याद

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अतिथि सत्येंद्र प्रताप सिंह ने की, जबकि आयोजन में महराजगंज मंडल अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव की प्रमुख भूमिका रही। वक्ताओं ने सरदार पटेल के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान भाजपा की आगामी गतिविधियों पर भी चर्चा की गई।

भाजपा पदाधिकारी और ग्रामीण रहे मौजूद

इस मौके पर मुख्य अतिथि सत्येंद्र प्रताप सिंह, विशिष्ट अतिथि राधेश्याम सोनी, जिला उपाध्यक्ष जन्मेजय सिंह, सरोज गौतम, एमडी पासी, मंडल अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, शिवशंकर शुक्ला, शत्रोहन लोधी, शत्रोहन सोनी और सुरेश मौर्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।