मृत पशु फेंके जाने की लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी, कार्यवाही की मांग

मृत पशु फेंके जाने की लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी, कार्यवाही की मांग
मृत पशु फेंके जाने की लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी, कार्यवाही की मांग 

ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति 

महराजगंज रायबरेली। क्षेत्र के ग्राम बावन बुजुर्ग बल्ला में मृत पशु फेंके जाने की लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है। गांव निवासी दुष्यंत सिंह ने इस संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार, कई वर्षों से गांव में उनके मकान के समीप अज्ञात लोगों द्वारा मृत पशु डाल दिए जाते हैं, जिससे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि कई बार इस समस्या को उठाया गया, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर मृत पशु फेंके जाते हैं, उसके निकट एक कॉलेज भी स्थित है तथा आसपास घनी आबादी वाला क्षेत्र है। ऐसे में छात्रों और ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर इतनी संवेदनशील जगह पर मृत पशु फेंकने वाला कौन है और उसके खिलाफ अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई। दुष्यंत सिंह ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मामले की जांच कर दोषियों की पहचान करने तथा उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की अपील की।