जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों के नाम सूची से बाहर, ब्लाक पहुंच कर दिया शिकायती पत्र, जाँच की मांग
ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति
महराजगंज रायबरेली। विकास खंड महराजगंज क्षेत्र के ग्राम जमुरावां में जारी की गई फाइनल आवास सूची को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सूची में कई अपात्र लोगों के नाम शामिल कर दिए गए हैं, जबकि वास्तविक जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों के नाम सूची से बाहर कर दिए गए हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पात्र लोगों को न्याय दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि आवास योजना का लाभ उन लोगों को मिलना चाहिए जो वास्तव में इसके हकदार हैं, लेकिन सूची तैयार करने में अनियमितता बरती गई है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि फाइनल आवास सूची जारी होने के बाद गांव में असंतोष का माहौल है। लोगों का आरोप है कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई, जिससे कई पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित रह गए हैं। शिकायतकर्ताओं में बबलू तिवारी एवं लक्ष्मी शंकर मिश्रा सहित कई ग्रामीण शामिल हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा पात्र लाभार्थियों के नाम सूची में शामिल करने की मांग की है। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।