प्राथमिक विद्यालय वसालत नगर: बेहतर मिलीं बुनियादी सुविधाएं, विद्यालय में बिजली के साथ इनवर्टर की व्यवस्था
ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति
महराजगंज रायबरेली। प्राथमिक विद्यालय वसालत नगर अमावां में त्रैमासिक परीक्षा के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। विद्यालय में कुल 27 बच्चों के नामांकन के सापेक्ष 23 छात्र उपस्थित मिले। बच्चे टेबल-बेंच पर बैठकर परीक्षा देते हुए नजर आए। विद्यालय में बच्चों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली गई। मध्याह्न भोजन के संबंध में बच्चों ने बताया कि मौसमी फलों में केला, संतरा और सेब भी दिए जाते हैं। वहीं बुधवार को दूध के साथ तहरी भी परोसी जाती है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक महताब खान ने बताया कि विद्यालय में उनके अलावा सहायक अध्यापिका सरिता सोनकर तथा शिक्षामित्र रीता देवी कार्यरत हैं। विद्यालय में कुल तीन लोगों का स्टाफ है। बच्चों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था है और परिसर में साफ-सफाई भी संतोषजनक मिली। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में बिजली के साथ इनवर्टर की व्यवस्था, बच्चों के लिए पेयजल तथा मल्टीपल हैंडवॉश की सुविधा भी देखने को मिली। बारिश के कारण विद्यालय परिसर के आसपास जलभराव की स्थिति जरूर दिखाई दी, लेकिन विद्यालय की बुनियादी व्यवस्थाएं व्यवस्थित मिलीं। विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं को देखते हुए अधिकांश निर्धारित पैरामीटर पूरे होते नजर आए। प्रधानाध्यापक द्वारा बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।