महराजगंज को मिलेगी आधुनिक पहचान, बनेगा 'वैश्विक नगर बाजार' करीब दो करोड़ की लागत से विकसित होगी हाईटेक मार्केट, व्यापारियों और ग्राहकों को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं

महराजगंज को मिलेगी आधुनिक पहचान, बनेगा 'वैश्विक नगर बाजार'  करीब दो करोड़ की लागत से विकसित होगी हाईटेक मार्केट, व्यापारियों और ग्राहकों को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं
महराजगंज को मिलेगी आधुनिक पहचान, बनेगा 'वैश्विक नगर बाजार'
करीब दो करोड़ की लागत से विकसित होगी हाईटेक मार्केट, व्यापारियों और ग्राहकों को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं

ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति 

महराजगंज रायबरेली। नगर पंचायत महराजगंज को जल्द ही एक नई और आधुनिक पहचान मिलने जा रही है। कस्बे के पूरे सुखई क्षेत्र में लगभग 1.96 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त 'वैश्विक नगर बाजार' का निर्माण प्रस्तावित है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के साकार होने से स्थानीय व्यापार को नई गति मिलने के साथ-साथ नगर के समग्र विकास को भी बल मिलेगा। प्रस्तावित योजना के अंतर्गत करीब 1000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 20 आधुनिक दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। बाजार परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी व्यवस्था, पर्याप्त पार्किंग, स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल, हरित क्षेत्र, हाईमास्ट लाइट, बाउंड्री वॉल तथा विज्ञापन स्थल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे व्यापारियों को बेहतर व्यापारिक वातावरण और ग्राहकों को सुविधाजनक खरीदारी का अनुभव प्राप्त होगा। नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू ने बताया कि नगर को आधुनिक एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने की दिशा में 'वैश्विक नगर बाजार' एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह बाजार स्थानीय व्यापारियों के लिए नए अवसर पैदा करेगा, रोजगार के साधन बढ़ाएगा तथा नगरवासियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक बेहतर बाजार उपलब्ध कराएगा। उनका कहना है कि नगर पंचायत का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाना और महराजगंज को तेजी से विकास की राह पर अग्रसर करना है।
वहीं, नगर के व्यापारियों एवं नागरिकों ने भी इस परियोजना का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि बाजार के निर्माण से स्थानीय कारोबार को नई ऊर्जा मिलेगी और महराजगंज क्षेत्र के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत करेगा। इस योजना को नगर के आर्थिक और सामाजिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।