व्यक्तिगत स्वार्थ और राजनीतिक कारणों से विकास कार्यों में अड़चन पैदा करने का किया जा रहा प्रयास: प्रभात साहू
ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति
महराजगंज रायबरेली। नगर पंचायत महराजगंज के चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू ने प्रेस वार्ता के दौरान विरोधियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नगर के विकास कार्यों में लगातार बाधा उत्पन्न करने और झूठे आरोप लगाने वालों के खिलाफ जल्द ही मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा। उनके इस बयान के बाद स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। प्रेस वार्ता में प्रभात साहू ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं, लेकिन कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थ और राजनीतिक कारणों से विकास कार्यों में अड़चन पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग नगरवासियों को गुमराह कर झूठे प्रार्थना पत्र और शिकायतें देकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। वाटर कूलर की खरीद और उसके रेट को लेकर उठ रहे सवालों पर जवाब देते हुए प्रभात साहू ने कहा कि सभी वाटर कूलरों की क्षमता अलग-अलग है। कहीं 80 लीटर क्षमता का कूलर लगाया गया है तो कहीं 150 लीटर अथवा उससे अधिक क्षमता वाले कूलर स्थापित किए गए हैं। इसी वजह से उनकी लागत भी अलग-अलग है। सभी उपकरण नियमानुसार और आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विभिन्न स्थानों पर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर के विकास को लेकर कुछ लोगों को परेशानी हो रही है, जबकि नगर पंचायत लगातार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं से उनकी बातचीत चल रही है और झूठे व निराधार आरोप लगाने वालों के खिलाफ जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रभात साहू ने दावा किया कि योगी सरकार की मंशा के अनुरूप नगर में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क, पेयजल, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है, जिससे नगरवासियों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विकास की इसी गति से कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है और वे अनावश्यक विवाद खड़ा करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे भ्रामक प्रचार और अफवाहों पर ध्यान न दें तथा विकास कार्यों का स्वयं आकलन करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर पंचायत जनहित के कार्यों को पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ आगे भी जारी रखेगी।