एडवोकेट के घर चोरी से हड़कंप, लाखों की नगदी व जेवरात पार

एडवोकेट के घर चोरी से हड़कंप, लाखों की नगदी व जेवरात पार
एडवोकेट के घर चोरी से हड़कंप, लाखों की नगदी व जेवरात पार

ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति 

रायबरेली। महराजगंज थाना क्षेत्र के हिलहा गांव में शनिवार रात एक एडवोकेट के घर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर छत के रास्ते घर में घुसे और करीब एक लाख रुपये नकद समेत लगभग साढ़े तीन लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।

पीड़ित एडवोकेट राजकुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि यह चोरी उनके भतीजे हिमांशु के 19 अप्रैल को होने वाले तिलक समारोह की तैयारियों के लिए रखे गए सामान की हुई है। रविवार सुबह परिजनों ने कमरे का टूटा ताला और बिखरा सामान देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

एडवोकेट ने अपनी तहरीर में गांव के ही कुछ लोगों को नामजद करते हुए आरोप लगाया है कि घटना से पहले इन लोगों ने एक व्यक्ति के घर शराब पार्टी की थी। उन्होंने यह भी बताया कि नामजद आरोपियों का अलग-अलग थानों में आपराधिक इतिहास रहा है और इस गिरोह द्वारा आसपास के क्षेत्रों में पहले भी कई वारदातें की जा चुकी हैं। चोरी की इस घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीश यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम से जांच कराई जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।