जन्मदिन की खुशियां बच्चों संग बांटी, तिथि भोज में परोसा पौष्टिक भोजन
ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति
रायबरेली। विकासखंड अमावां की ग्राम पंचायत बहादुरनगर स्थित कंपोजिट विद्यालय में बुधवार को तिथि भोज का आयोजन कर जन्मदिन की खुशियां स्कूली बच्चों के साथ साझा की गईं। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के बीच अपनत्व बढ़ाने के साथ समाज में सेवा, सहभागिता और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। तिथि भोज का आयोजन लखनऊ वित्त विभाग में तैनात रायबरेली निवासी समीक्षा अधिकारी अभिषेक गोस्वामी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर किया। उन्होंने विद्यालय पहुंचकर बच्चों को स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन कराया और अपने विशेष दिन की खुशियां उनके साथ साझा कीं। इस पहल से बच्चों के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। तिथि भोज के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया और आयोजन का आनंद लिया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने कहा कि तिथि भोज जैसी पहल समाज के विभिन्न वर्गों को बच्चों से जुड़ने तथा उनके प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर देती है। ऐसे आयोजनों से बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलने के साथ उनमें सामाजिक जुड़ाव एवं सामुदायिक सहभागिता की भावना भी मजबूत होती है। विशेष अवसरों पर बच्चों के साथ खुशियां बांटना समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नीलम सिंह, प्रधान प्रतिनिधि संतोष सिंह, ग्राम विकास अधिकारी शिवेंद्र सिंह, प्रधानाध्यापक अबशारुल मेराज जाफरी, सहायक अध्यापक राज भरत राजभर, जय सिंह यादव, शिखा सिंह, मंगेशलता, शिक्षामित्र शिव सागर एवं सीता सिंह सहित ग्राम के अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।