डिजिटल लाइब्रेरी के शुभारंभ से शिक्षा को मिली नई उड़ान, भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया उद्घाटन
ब्यूरो रिपोर्ट : राजन प्रजापति
महराजगंज रायबरेली। क्षेत्र के बछरावां मार्ग स्थित बालाजी पब्लिक स्कूल में आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष बुद्धि लाल पासी ने फीता काटकर एवं केक काटकर किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष बुद्धि लाल पासी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में डिजिटल शिक्षा समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर ही उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीक आधारित शिक्षा दिलाने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रबंधक विवेक पांडेय ने बताया कि छात्रों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की गई है। यहां विद्यार्थियों को ई-बुक्स, डिजिटल स्टडी मैटेरियल, ऑनलाइन शैक्षणिक संसाधन और स्मार्ट लर्निंग की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनकी पढ़ाई अधिक प्रभावी और रुचिकर बनेगी। विद्यालय की प्रधानाचार्या वंदना पांडेय ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। डिजिटल लाइब्रेरी विद्यार्थियों के ज्ञान और तकनीकी कौशल को नई दिशा देगी। इस अवसर पर नीरज अवस्थी, वर्णित श्रीवास्तव, खुशबू यादव, साधना चित्रांशी, अनिल मौर्य, रोहित सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।